शुक्रवार, 21 दिसंबर 2018

एलूरु में द्विदिवसीय त्रिभाषी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

हिंदी भारतीय संस्कृति की संवाहक और दिल की भाषा है - को जोंग किम 

साहित्य यथार्थ की आलोचना करता है – ऋषभदेव शर्मा 

एलूरु (आंध्र प्रदेश, 15 दिसंबर)। 


प्रो. ऋषभदेव शर्मा 
साहित्य का मूल प्रयोजन लोक मंगल की साधना है, न कि मनोरंजन। समाज के लिए जो कुछ भी अशुभ और अमंगलकारी हो सकता है साहित्य उस यथार्थ की आलोचना करता है और मंगलकारी आदर्श की स्थापना करता है। इस दृष्टि से भारतीय भाषाओं का भक्ति आंदोलन, नवजागरण आंदोलन और स्वतंत्रता आंदोलन के समय का साहित्य पूरी तरह सुधारात्मक दृष्टिकोण से प्रेरित है। इसी प्रकार समकालीन विमर्शों का साहित्य भी कर्मक्षेत्र के सौंदर्य को सामने लाते हुए सामाजिक परिवर्तन के लिए दिशा प्रदान कर सकता है।"

ये विचार सर सी.आर. रेड्डी (स्वायत्त) महाविद्यालय में आयोजित संस्कृत, तेलुगु और हिंदी के द्विदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के हिंदी केंद्रित विचार-विमर्श के बीज भाषण के दौरान दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के पूर्व आचार्य डॉ. ऋषभदेव शर्मा ने प्रकट किए। उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि भयंकर मूल्य विघटन और उपभोक्ता संस्कृति से ग्रसित वर्तमान परिस्थितियों में इस प्रकार एक सार्थक सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक ठेठ तेलुगु प्रदेश में इतने बड़े पैमाने पर हिंदी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होना अपूर्व है। 

आंध्र प्रदेश के पूर्व सांसद और
फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष अंबिका कृष्ण
भाषा और संस्कृति विभाग, आंध्र प्रदेश सरकार के सहयोग से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा प्रायोजित तथा हिंदी, तेलुगु व संस्कृत विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में समाज पर भाषा एवं साहित्य के प्रभाव को लेकर कई महत्वपूर्ण चर्चाओं को स्थान मिला। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पांडिच्चेरी आदि राज्यों के साथ-साथ अमेरिका, इंग्लैंड, जर्मनी, कोरिया और जापान से आए विद्वानों, हिंदी सेवियों और छात्रों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस सम्मेलन को सफल बनाया। 

दक्षिण कोरिया से पधारे हिंदी लेखक और आलोचक डॉ. को जोंग किम ने कहा कि दक्षिण कोरिया और भारत के बीच बहुत प्राचीनकाल से अच्छे रिश्ते रहे हैं। उन्होंने हिंदी को भारतीय संस्कृति की संवाहक बताते हुए उसे ‘दिल की भाषा’ कहा। 

आंध्र प्रदेश के पूर्व सांसद और फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष अंबिका कृष्ण ने अपने संबोधन में तेलुगु भाषा और साहित्य को संरक्षित करने की बता कही तथा उसके आंदोलनात्मक और सुधारवादी चरित्र पर प्रकाश डाला। 

प्रो.एस.वी.एस.एस.नारायण राजु 
हिंदी साहित्य संबंधी विचार सत्रों में समाज और भाषा के संबंध में आंध्र विश्वविद्यालय के प्रो. एन. सत्यनारायण, सैंट जोसेफ महिला महाविद्यालय की डॉ. पी.के.जयलक्ष्मी, नरसापुर के डॉ. कुमार नागेश्वर राव, तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के आचार्य डॉ. एस.वी.एस.एस.नारायण राजु, कांचीपुरम विश्वविद्यालय के डॉ. दंडिबोट्ला नागेश्वर राव, नागार्जुन विश्वविद्यालय के डॉ. काकानि कृष्ण, मानु के डॉ. डी. शेषुबाबु, काकिनाडा के डॉ. पी. हरिराम प्रसाद तथा हैदराबाद की डॉ. पूर्णिमा शर्मा सहित अनेक विद्वानों और शोधार्थियों ने शोधपत्र प्रस्तुत किए। 

सर सी.आर.रेड्डी शैक्षिक संस्थाओं के अध्यक्ष श्री कोम्मारेड्डि राम बाबू, महाविद्यालय के कॉरस्पॉन्डन्ट एवं अन्य पदाधिकारियों ने समारोह में भाषा के महत्व पर अपनी राय जताई। समापन समारोह में प्रो. ऋषभदेव शर्मा ने तेलुगु में भाषण देकर श्रोताओं को अभिभूत कर दिया।


सर सी.आर. रेड्डी (स्वायत्त) महाविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ.आर.एन.वी.एस.राजाराव और प्राध्यापक के.शैलजा ने अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद किया। साथ ही सम्मेलन के दौरान ही शोधपत्रों का संग्रह प्रकाशित करके अपनी कार्य-दीक्षा और लगन का परिचय दिया। 








प्रस्तुति 
डॉ. आर.एन.वी.एस. राजाराव 
सहायक आचार्य 
हिंदी विभाग, सर सी.आर. रेड्डी (स्वायत्त) महाविद्यालय
एलुरु, आंध्र प्रदेश - 5347007
....
यहाँ भी....
http://hindimedia.in/hindi-is-the-language-of-indian-culture-and-heart-language-to-jong-kim/

http://www.hindikunj.com/2018/12/hindi-sammelan.html



रविवार, 14 अक्तूबर 2018

"ईश्वर करुण अभिनंदन ग्रंथ" : रचनाएँ 15 नवंबर तक आमंत्रित

चेन्नई निवासी वरिष्ठ हिंदी साहित्यकार ईश्वर करुण (ईश्वर चंद्र झा) के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित हैदराबाद की साहित्य सेवी संस्था ‘साहित्य मंथन’ द्वारा शीघ्र प्रकाशनाधीन अभिनंदन ग्रंथ के लिए उनके शुभचिंतकों, मित्रों और प्रशंसकों से रचनाएँ आमंत्रित हैं। 

अभिनंदन ग्रंथ के प्रधान संपादक प्रो. ऋषभ देव शर्मा ने बताया हैं कि देश भर के बहुत से लेखक इस ग्रंथ के लिए अपनी रचनाएँ उपलब्ध कराने वाले हैं। इसलिए त्यौहारों के मौसम की व्यस्थता को देखते हुए रचनाएँ भेजने की तिथि एक महीना आगे बढ़ा दी गई है। अब इस ग्रंथ के लिए रचनाएँ 15 नवंबर, 2018 तक भेजी जा सकती हैं। 

ये रचनाएँ rishabhadeosharma@yahoo.com, neerajagkonda@gmail.com, ishwarkarunchennai@gmail.com पते पर ईमेल द्वारा भेजी जा सकती है। 

- डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा 

शनिवार, 22 सितंबर 2018

"ईश्वर करुण अभिनंदन ग्रंथ" हेतु रचनाएँ आमंत्रित

ईश्वर करुण 
साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था 'साहित्य मंथन' के तत्वावधान में चेन्नै के सुप्रतिष्ठित साहित्यकार और हिंदीसेवी ईश्वर करुण (ईश्वर चंद्र झा) के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित अभिनंदन ग्रंथ के प्रकाशन की योजना निश्चित हुई है। इस ग्रंथ का संपादन प्रो. ऋषभ देव शर्मा और डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा संयुक्त रूप से करेंगे। संपादकों ने ईश्वर करुण और उनके साहित्य से परिचित लेखकों से अनुरोध किया है कि लगभग 1000 शब्दों में ईश्वर करुण से संबंधित अपना संस्मरण या समीक्षात्मक आलेख अभिनंदन ग्रंथ के लिए उपलब्ध कराएँ। ग्रंथ की प्रकृति के अनुसार आलेख - ईश्वर करुण : जैसा मैंने देखा (अंतरंग संस्मरण), कवि सम्मेलनों का लाड़ला रचनाकार ईश्वर करुण, ईश्वर करुण और उनके गीत, हिंदी ग़ज़ल को ईश्वर करुण की देन, पत्रकार और संपादक ईश्वर करुण, राजभाषा अधिकारी के रूप में ईश्वर करुण की उपलब्धियाँ, ईश्वर करुण की कहानियों में समकालीन समाज, नई कविता और ईश्वर करुण की रचनाधर्मिता, ईश्वर करुण के साहित्य में मैथिल लोक, ईश्वर करुण के साहित्य में चेन्नई की धड़कन, इलेक्ट्रानिक जनसंचार : ईश्वर करुण की उपलब्धियाँ, ईश्वर करुण के काव्य में लालित्य आदि विषयों पर केंद्रित हो सकते हैं। 

यह सामग्री rishabhadeosharma@yahoo.com , neerajagkonda@gmail.com, ishwar_karun@yahoo.co.in पते पर ईमेल द्वारा भेजी जा सकती है। 

रविवार, 2 सितंबर 2018

मारीशस में रामकथा पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियाँ और सम्मान समारोह संपन्न


मुंबई।(प्रेस विज्ञप्ति)। 2 सितंबर,2018।

भारत और मारीशस का संबंध दुनिया के किन्हीं अन्य दो देशों से बिलकुल अलग किस्म का है। मारीशस अपनी पहचान और इतिहास की जड़ें खोजने के लिए भारत की ओर देखता है। हिंदी भाषा और रामकथा के मजबूत धागों से इन दोनों देशों के रिश्ते बुने हुए हैं। मारीशस की नई पीढ़ी को अपने पुरखों की ज़मीन से जोड़े रखने के लिए हमें हिंदी और राम की आज भी ज़रूरत है। 


 ये विचार पिछले दिनों विश्व हिंदी सम्मेलन के संदर्भवश मारीशस गए साहित्यिक-सांस्कृतिक शोध संस्था, मुंबई के प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में महात्मा गांधी संस्थान, मारीशस के सुब्रह्मण्य भारती सभागार में वहाँ के हिंदी छात्रों के निमित्त आयोजित एक विशिष्ट परिसंवाद (एन इंटेरेक्टिव सेशन)का उदघाटन करते हुए महात्मा गांधी संस्थान की निदेशक डॉ. विद्योत्तमा कुंजल ने प्रकट किए। छात्रों को संबोधित करने वाले विद्वानों में मारीशस के प्रो. हेमराज सुंदर, प्रो. अलका धनपत और प्रो. प्रीति हरदयाल, रूस के डॉ. रामेश्वर सिंह और नादिया सिंह तथा भारत के प्रो. संतप्रसाद गौतम, प्रो. प्रदीप कुमार सिंह, प्रो. प्रदीप के. शर्मा और प्रो. हरिमोहन के नाम सम्मिलित है। 


दूसरे चरण में हिंदी प्रचारिणी सभा, मारीशस में “वैश्विक राम की कथायात्रा” पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह संपन्न हुआ। अध्यक्षता करते हुए सभा के वर्तमान प्रधान डॉ. यंतु देव बुधु ने मारीशस में हिंदी के इतिहास और हिंदीसेवियों के संघर्ष पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि के रूप में सभा के मंत्री धनराज शंभु और कोषाध्यक्ष टहल रामदीन ने संबोधित किया। विषयविशेषज्ञ के रूप में कुलपति प्रो. एसपी गौतम ने जिज्ञासाओं का समाधान किया। 



अवसर पर मारीशस, रूस और भारत के 50 हिंदी सेवियों को हिंदी प्रचारिणी सभा, मारीशस और साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था, मुंबई की ओर से “अंतरराष्ट्रीय हिंदीसेवी सम्मान” से अलंकृत किया गया तथा विभिन्न विधाओं की 12 पुस्तकें लोकार्पित की गईं। दोनों आयोजनों का संचालन प्रो. ऋषभदेव शर्मा और डॉ. सत्यनारायण ने किया। धन्यवाद प्रो. प्रदीप कुमार सिंह और डॉ. सतीश कनौजिया ने व्यक्त किया। 


प्रेषक- सतीश कनौजिया, 
प्रबंधक, साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था, 
उल्हासनगर, मुंबई, भारत 


रविवार, 5 अगस्त 2018

मारीशस में “वैश्विक राम की कथायात्रा” पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 16 अगस्त को

मुंबई, 4 अगस्त (प्रेस विज्ञप्ति)|

मुंबई स्थित साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था और मारीशस स्थित हिंदी प्रचारिणी सभा के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 16 अगस्त को सभा के लोंग माउन्टेन, मारीशस स्थित सम्मेलन कक्ष में “वैश्विक राम की कथायात्रा” पर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है| इस कार्यक्रम में भारत से 22 हिंदी सेवी विद्वानों का एक प्रतिनिधि मंडल साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था की ओर से सम्मिलित होगा| इस प्रतिनिधि मंडल में मुंबई से डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. सतीश कनोजिया, श्री बिजय कुमार जैन, डॉ. गोविंद निर्मल, भोपाल से डॉ. एस. पी. गौतम, चेन्नै से डॉ. प्रदीप के शर्मा, तेलंगाना से डॉ. ऋषभ देव शर्मा, बिहार से डॉ. नीलिमा सिंह, डॉ. गीता सहाय, डॉ. कविता सहाय, उत्तर प्रदेश से श्री आलोक चतुर्वेदी, आदि उपस्थित रहेंगे| इनके साथ-साथ समारोह में मॉस्को के नादिया सिंह और डॉ. रामेश्वर सिंह,  मारीशस के विश्व हिंदी सचिवालय के महासचिव डॉ. विनोद कुमार मिश्र, हिंदी प्रचारिणी सभा के प्रधान डॉ. यन्तुदेव बुधु, महात्मा गाँधी संस्थान की निदेशक डॉ. विद्योत्तमा कुंजल के अतिरिक्त डॉ. अलका धनपत, मोहन श्रीकिसुन, राज हीरामन, प्रो. हेमराज सुंदर, धनराज शम्भु, हनुमान दुबे आदि विद्वानों को हिंदी के प्रचार-प्रसार में विशिष्ट योगदान के लिए ‘हिंदी सेवी सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा| ये सभी साहित्यकार 18 से 20 अगस्त के दौरान मारीशस में आयोजित 11 वें विश्व हिंदी सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे|          

 प्रस्तुति : डॉ. सतीश कनोजिया, प्रबंधक, साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था, मुंबई     

शुक्रवार, 27 जुलाई 2018

मिधानि में राजभाषा ‘वाक प्रतियोगिता’ संपन्न





हैदराबाद, 26.07.2018।
आज यहाँ नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम) के तत्वावधान में मिश्र धातु निगम लिमिटेड के सभागृह में विभिन्न उपक्रमों में कार्यरत कार्मिकों के लिए ‘वाक प्रतियोगिता’ आयोजित की गयी। प्रतियोगिता में 19 उन्नीस उपक्रमों से आए हुए 25 प्रतिभागियों ने ‘ एक देश-एक भाषा (संघ की राजभाषा के संदर्भ में)’ तथा ‘देश और अभिव्यक्ति की आजादी’ पर अपने विचार प्रकट किए।
प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए मिश्र धातु निगम लिमिटेड के अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं परिवर्तन प्रबंधन) के आनंद कुमार ने कहा इससे हम किसी विषय को तथ्यात्मक ढंग से संक्षेप में और प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत करना सीख सकते हैं। नराकास के सदस्य सचिव और बीडीएल के उप महाप्रबंधक (राजभाषा) होमनिधि शर्मा ने राजभाषा के रूप में हिंदी की व्यापक स्वीकार्यता बताते हुए प्रतिभागियों का स्वागत किया। प्रयोजक संस्था मिधानि की ओर से सहायक प्रबंधक (राजभाषा) डॉ बी बालाजी ने प्रतियोगिता के नियम स्पष्ट किए। निर्णायकद्वय प्रकाश जैन और ऋषभदेव शर्मा ने व्यक्तित्व विकास में मनुष्य के भाषाई और शारीरिक व्यवहार की महत्ता पर चर्चा की।
प्रतियोगियों के भाषणों के मूल्यांकन के आधार पर हिंदी भाषी वर्ग में ईएसआई आदर्श नगर के संदीप सिंह को प्रथम,बीएचईएल आरसी पुरम के विनोद सिंह को द्वितीय तथा बीडीएल के धीरज जोशी और एनएमडीसी की पल्लवी डांगे को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अन्य भाषी वर्ग में एनएमडीसी की लक्ष्मी कुमार को प्रथम, एचपीसीएल की के एस अनंत लक्ष्मी को द्वितीय और बीएचईएल अनुसंधान एवं विकास के रामचंदर राव को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। नराकास के इन पुरस्कारों के अलावा डेली हिंदी मिलाप की ओर से चतुर्थ स्थान प्राप्त मिधानि के अमित सिंह (हिंदी भाषी वर्ग) और एचएएल की जयश्री (अन्य भाषी वर्ग) के लिए विशेष पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई।
आरंभ में सुरेखा, वर्षा, रमा मल्लिका, रतनसिंह और प्रतीक शर्मा ने मिधानि गीत प्रस्तुत किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को मिधानी की ओर से स्मृति चिह्न के रूप में उपहार भेंट किया गया।
प्रतियोगिता में न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड से श्रद्धा नीलकंठ; बीडीएल से अंबिका मिशा; ईएसआई चिकित्सा महाविद्यालय से मिर्ज़ा असद बेग; बीएचईएल, आरसी पुरम से पी बाल सुब्रह्मण्यम; ईएसआई, अतिविशिष्ट अस्पताल से रत्नदीप सरकार; एचपीसीएल से नेहा कटारिया; आईटीआई से बी नंद किशोर; एमएमटीसी से राजेंद्र प्रसाद; मिधानि से डॉ प्रवीण ज्योति; ईसीआईएल से शर्मीला मुर्मू; एअर इंडिया से पी आर रवींद्र; आईओसीएल से ज़ाहिद अली एवं टीके शेखर; एचएएल से मंजय कुमार; तथा यूनाइटेड इंडिया इन्शुरेंस कंपनी से वी श्रवण कुमार ने उत्साह पूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई और राजभाषा हिंदी के प्रति निष्ठा व्यक्त की। इस अवसर पर हिंदी अधिकारीगण - बीडीएल के अवर प्रबंधक डॉ शिव कोटि, बीडीईएल आरसी पुरम के नवदीप कुमार, एनएमडीसी की जी सुजाता, एमएमटीसी के अजय कुमार मिश्र आईओसीएल के जितेंद्र साह तथा यूनाइटेड इंडिया इन्शुरेंस कंपनी की जी लक्ष्मी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रेषक:
डॉ बी बालाजी, सहायक प्रबंधक (राजभाषा), मिधानि।

गुरुवार, 5 जुलाई 2018

'मानव संसाधन विकास के नए आयाम’ पुस्तक लोकार्पित


प्रो. ऋषभ देव शर्मा  द्वारा डॉ. मोहसिन उद्दीन की पुस्तक
 “मानव संसाधन विकास के नए आयाम : भारतीय परिप्रेक्ष्य” का लोकार्पण 
हैदराबाद, 5 जुलाई, 2018। 

काचिगुड़ा स्थित बद्रुका कॉलेज के सभाकक्ष में बुधवार को हिंदी अध्यापकों और लेखकों की संस्था ‘हिंदी हैं हम विश्व मैत्री मंच’ की साहित्यिक सभा आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता प्रो. शकुंतला रेड्डी ने की तथा संयोजन डॉ. रियाजुल अंसारी ने किया। मुख्य अतिथि प्रो. ऋषभदेव शर्मा ने एनआईआरडी में वरिष्ठ प्रोजेक्ट फ़ैकल्टी के रूप में कार्यरत डॉ. मोहसिन उद्दीन की सद्य:प्रकाशित पुस्तक “मानव संसाधन विकास के नए आयाम : भारतीय परिप्रेक्ष्य” को लोकार्पित किया। लोकार्पण वक्तव्य में प्रो. शर्मा ने कहा कि यह पुस्तक प्रबंधन जैसे आधुनिक विषय पर स्तरीय पाठ्यपुस्तकों के अभाव की पूर्ति का एक सफल प्रयास है। उन्होंने प्रत्येक अध्याय में सम्मिलित वास्तविक समस्याओं के अध्ययन और उससे जुड़े अभ्यासों के समावेश की विशेष प्रशंसा की। 
‘हिंदी हैं हम विश्व मैत्री मंच’ द्वारा प्रो. ऋषभदेव शर्मा का सम्मान 

इस अवसर पर डॉ. ऋषभदेव शर्मा के 62वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनकी चर्चित स्त्रीवादी काव्यकृति ‘देहरी’ के राजस्थानी अनुवाद की पांडुलिपि अनुवादिका डॉ.मंजु शर्मा द्वारा उन्हें भेंट की गई। मंच की ओर से अतिथियों का स्वागत-सत्कार डॉ. विद्याधर, डॉ. राजेश अग्रवाल, डॉ. पूर्णिमा शर्मा, डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा, डॉ. संध्या दास और शीला इंगले ने किया। समारोह को जीवंत बनाने में चिरक इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं के विचारोत्तेजक प्रश्नों की विशेष भूमिका रही। डॉ. सुषमा, डॉ. बी एल मीणा, डॉ. प्रभा कुमारी, डॉ. सुपर्णा बंद्योपाध्याय, डॉ. सीमा मिश्रा, अशोक तिवारी, फ़ौजिया बेगम, वुल्ली कृष्णा और जयदीप मुखर्जी आदि ने हिंदी भाषा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर इस चर्चा में सक्रिय भागीदारी निभाई । 
'देहरी' का राजस्थानी भाषा में अनुवाद कवि को समर्पित 

प्रस्तुति : डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा, 
सह-संपादक : ‘स्रवंति’, 
दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा,
 हैदराबाद-500004.

गुरुवार, 24 मई 2018

रूस के विश्वविद्यालयों और काव्यसंध्या में गूँजी राम-संस्कृति और हिंदी



मुंबई, 24 मई, 2018 (प्रदीप कुमार सिंह)। 

साहित्यिक-सांस्कृतिक शोध संस्था, मुंबई द्वारा 10 से 17 मई, 2018 तक आयोजित 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सप्ताह भर की साहित्यिक यात्रा के दौरान रूस के अलग-अलग महानगरों में दो अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियाँ और एक बहुभाषी काव्यसंध्या सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। इन संगोष्ठियों का आयोजन संस्थान ने रूसी-भारतीय मैत्री संघ -दिशा (मास्को, रूस) तथा अयोध्या शोध संस्थान- (अयोध्या, भारत) के साथ मिलकर कजान फेडरल यूनिवर्सिटी (कजान, रूस) और मास्को स्टेट यूनिवर्सिटी (मास्को, रूस) के संयुक्त तत्वावधान में किया जिनमें भारतीय और रूसी विशेषज्ञों ने “राम संस्कृति की विश्वयात्रा : साहित्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी” विषय पर अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए। काव्यसंध्या डॉ. लीना सरीन के सौजन्य से संपन्न हुई जिसमें दोनों देशों के प्रतिभागी कवियों ने रूसी और हिंदी के साथ संस्कृत, कोंकणी, पंजाबी तथा मराठी में काव्यपाठ किया। 

कजान फेडरल यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन कुलपति प्रो. लतीपोव ने किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को जानने के लिए राम साहित्य को जानना अपरिहार्य है। समकुलपति प्रो. स्वेतलाना ने भारतीय दर्शन और रूसी संस्कृति के आपसी संबंध पर प्रकाश डाला तो साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था के संस्थापक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने वर्तमान विश्व के लिए राम-संस्कृति की प्रासंगिकता को रेखांकित किया तथा रामलीलाओं तथा ललित कलाओं के माध्यम से विश्व भर में भारतीय जीवन दृष्टि के प्रसार की व्याख्या करते हुए रूस के महान रामलीला-कलाकार स्वर्गीय गेन्नाडि मिखाइलोविच पेचनिकोव (1926-2018) को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। भारतीय दूतावास से संबद्ध डॉ. जयसुंदरम ने भारत और रूस के आपसी संबंधों की दृढ़ता के लिए रामकथा की आवश्यकता बताई। प्रो. ऋषभदेव शर्मा ने अपने संचालकीय वक्तव्य में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से राम-संस्कृति के वैश्विक प्रसार की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए अमेरिका में बनी एनीमेशन फिल्म 'सीता सिंग्स द ब्ल्यूज़' की चर्चा की। इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के प्रधान संपादकत्व में प्रकाशित ग्रंथ "राम-संस्कृति की विश्वयात्रा : साहित्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी " को कुलपति प्रो. लतीपोव ने लोकार्पित किया। साथ ही "रामलीला की विश्वयात्रा" का भी लोकार्पण संपन्न हुआ।

मास्को विश्वविद्यालय के भारत-अध्ययन विभाग में संपन्न द्वितीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी/परिसंवाद में विशेष रूप से रूसी भारतविदों प्रो.बरीस अलेक्सेइविच ज़ख़रिन, प्रो. लुदमिला खोखलोवा, प्रो.गुजेल म्रात्खूजीना और प्रो. आन्ना बाचकोश्का ने इतिहास, साहित्य, अनुवाद और ललित कलाओं के माध्यम से रूस में राम-संस्कृति के प्रति अध्येताओं की अभिरुचि पर सप्रमाण विचार-विमर्श किया। विभिन्न कार्यकमों का संचालन प्रो. ऋषभ देव शर्मा, प्रो. दिमित्री बोबकोव और स्थानीय प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से हिंदी और रूसी भाषा में किया। .डॉ. सत्यनारायण ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर लगभग 50 भारतीय और विदेशी विद्वानों का सारस्वत सम्मान भी किया गया। सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में हिंदी भाषा और साहित्य के रूसी छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की केंद्रीय भूमिका रही। सभी प्रतिभागियों ने रूस के भारतविदों/ हिंदी प्राध्यापकों/ हिंदी छात्रों से भारतीय प्रतिनिधि मंडल के भाषा और संस्कृति विषयक विचार-विनिमय को इन संगोष्ठियों की विशिष्ट उपलब्धि माना। 

सप्ताह भर के इस सारस्वत अनुष्ठान की पूर्णाहुति के रूप में सेंट पीटर्सबर्ग में पाँच रूसी विद्वानों के सान्निध्य में बहुभाषी काव्यसंध्या का आयोजन किया गया। रूसी रचनाकारों और अनुवादकों ने अपनी भाषा-चेतना और सहज सहृदयता ने प्रतिनिधिमंडल का मन मोह लिया। राम संस्कृति को समर्पित इस काव्य संध्या की अध्यक्षता डॉ. वंदना प्रदीप ने की तथा संचालन डॉ. सत्यनारायण ने किया। डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने संस्था के उद्देश्य और योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि हिंदी तथा राम भारतीयता के दो पर्याय हैं। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रशियन एकेडमी ऑफ साइंस की भारतविद प्रोफेसर डॉ.एलेना सोबोलेवा ने भारत रूस संबंधों की दृढ़ता की चर्चा करते हुए दोनों देशोँ की वैश्विक चिंताओं को समान बताया और राम संस्कृति की प्रासंगिकता को रेखांकित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. मारिया यकोलेवा ने भरतनाट्यम और राम संस्कृति के संदेश की चर्चा रूसी भाषा में की जिसका हिंदी अनुवाद डॉ. विश्वजीत विश्वास ने किया। रूस में हिंदी अध्यापन के लिए समर्पित विदुषियों इरीना सोकोलोवा तथा यूलिया बेशुक ने धाराप्रवाह हिंदी बोलते हुए रूस में हिंदी शिक्षण की स्थिति के बारे में बताया तथा मौलिक हिंदी कविताओं के अलावा रूसी लोकगीत तथा उनका अनुवाद प्रस्तुत कर भारतीय कवियों का मन मोह लिया। संस्था की ओर से पुष्पगुच्छ समर्पित कर सभी अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया तथा डॉ. अमर ज्योति, डॉ. ऋषभ देव शर्मा, डॉ. पुष्पा गुप्ता, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह , रघुनाथ प्रसाद गुप्ता, डॉ. वंदना प्रदीप, डॉ. जगदीश प्रसाद शर्मा, शरद शिरोडकर, डॉ. मधुलता व्यास, डॉ. मीना ढोले, डॉ. सविता सिंह,सरिता नागपाल, कर्मा देवी, वीना धमीजा , किंजल पटेल, और विरंची आदि ने अपने काव्यपाठ द्वारा इस काव्यसंध्या को सफल बनाया। इन समस्त सारस्वत आयोजनों के साथ-साथ रूस के तीन महानगरों कजान, मास्को और पीटर्सबर्ग का भ्रमण तो खैर अपनी जगह अविस्मरणीय है ही। 

(प्रस्तुति : प्रदीप कुमार सिंह, मुंबई)

बुधवार, 18 अप्रैल 2018

‘रामसंस्कृति की विश्वयात्रा’ पर रूस में होगी संगोष्ठी

                                                         हैदराबाद.  

मूल्यमूढ़ता से घिरे वर्तमान समय में संपूर्ण विश्व के बुद्धिजीवी भारत की ओर आशा की दृष्टि से देखते हैं तथा विश्वबंधुत्व और सह-अस्तित्व के आदर्शों की पुनः प्रतिष्ठा द्वारा मानवाधिकारों की बहाली की कामना रखते हैं. इस परिप्रेक्ष्य में रामकथा में निहित मूल्य किस प्रकार आज की दुनिया को कुटुंब के रूप में जीने की राह दिखा सकते हैं, इस विषय पर व्यापक विचार विमर्श करने के लिए रूस और भारत के हिंदी जगत से जुड़े हुए कुछ हस्ताक्षर आगामी 10 मई से 17 मई के बीच रूस के नगरों कज़ान, मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग में जुटेंगे. इस अवधि में वे “रामसंस्कृति की विश्वयात्रा : साहित्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी” विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में वैचारिक मंथन करेंगे. 

इस कार्यक्रम के संयोजन में अग्रणी साहित्यिक-सांस्कृतिक शोध संस्था, मुंबई के संस्थापक सचिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने उक्त आशय की जानकारी देते हुए बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी रूस स्थित कज़ान संघीय विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध संस्थान, रूसी-भारतीय फ्रेंडशिप सोसाइटी तथा तातरस्तान-भारत पीपुल्स फ्रेंडशिप सेंटर के सहयोग से आयोजित की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि अयोध्या शोध संस्थान के सौजन्य से इस अवसर पर ‘रामसंस्कृति की विश्वयात्रा’ शीर्षक एक ग्रंथ भी प्रकाशित किया जा रहा है.
डॉ. योगेंद्रप्रताप सिंह 

संस्थान के निदेशक डॉ. योगेंद्रप्रताप सिंह ने एक भेंट में बताया कि दुनिया के 120 देशों में रामकथा व रामलीलाएँ होने के साक्ष्य मिले हैं. संस्थान उन देशों के विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों व कलाकारों से यह शोध कराएगा. शोध पूरा होने के बाद दुनिया में रामायण देशों का एक समूह बनेगा जो अपने आप में पहला इतना बड़ा समूह होगा. 

डॉ. प्रदीप कुमार सिंह 
इस विशिष्ट वैचारिक मंथन में भाग लेने वाले रूसी विद्वानों में डॉ. रामेश्वर सिंह, डॉ. गुजेल म्रात्खूजीना, डॉ. मीनू शर्मा, देमात्री बोबकोव, सुशील कुमार आजाद, कुमार विनायक और डॉ. इंदिरा गजियवा के नाम शामिल हैं, तो भारतीय विद्वानों में डॉ. योगेंद्रप्रताप सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. ऋषभदेव शर्मा, डॉ. सविता सिंह, डॉ. रघुनाथ प्रसाद, डॉ. अमरज्योति, डॉ. पुष्पा गुप्ता, डॉ. करमा देवी, डॉ. जगदीश प्रसाद शर्मा, डॉ. मीना डोले, डॉ. शिरोड़कर, डॉ. सत्यनारायण, डॉ. मधु व्यास और डॉ. वंदना प्रदीप  सम्मिलित हैं. 

उल्लेखनीय है कि संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने ‘राम साहित्य’ पर ही दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा से डीलिट की उपाधि भी अर्जित की है. उन्होंने बताया कि राम संस्कृति को विश्व भर में पुनः प्रतिष्ठित करने के लिए इस शृंखला में अन्य देशों में भी ऐसे आयोजन किए जाएँगे. 

मंगलवार, 17 अप्रैल 2018

लोकतंत्र और समकाल के सापेक्ष साहित्य और मीडिया पर समग्र मंथन

डॉ. ऋषभदेव शर्मा सहित दस लेखक-पत्रकार सम्मानित 

आजमगढ़ में ‘मीडिया समग्र मंथन-2018’ के अवसर पर सम्मानित लेखक और पत्रकार
 (बाएँ से) डॉ. ऋषभदेव शर्मा, डॉ. मधुर नज्मी, गिरीश पंकज, डॉ. देवराज,
डॉ. योगेंद्र्नाथ शर्मा अरुण, जयशंकर गुप्त, यशवंत, सतीश सिंह रघुवंशी एवं अन्य.

आज़मगढ़, उत्तर प्रदेश, (डॉ. चंदन कुमारी)। 

पुराण-प्रसिद्ध तमसा नदी के तट पर बसे नगर आजमगढ़ में हर दूसरे वर्ष मीडियाकर्मियों और साहित्यकारों का जलसा होता जो आजमगढ़ की पहचान और परंपरा में बदलाव का प्रतीक बनता जा रहा “मीडिया समग्र मंथन – 2018” के रूप में इस वर्ष यह जलसा 7 और 8 अप्रैल को जनपद मुख्यालय के नेहरु हाल में संपन्न हुआ। 

प्रथम दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह अध्यक्ष जैन राम साहित्य के विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्रनाथ शर्मा अरुण और मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह ने अन्य अतिथियों महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा से आए प्रो. देवराज, दैनिक देशबंधु, दिल्ली के कार्यकारी संपादक जयशंकर गुप्त, गोपाल जी राय, विजयनारायण, गोपाल नारसन आदि ने सरस्वती के दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद ‘लोकतंत्र, मीडिया और हमारा समय’ विषय पर अत्यंत गंभीर व सार्थक संवाद के आयोजन के साथ-साथ ‘शार्प रिपोर्टर’ मासिक पत्रिका के उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड विशेषांक का विमोचन भी किया गया। 

उपस्थित विद्वानों के संबोधन के अतिरिक्त उद्घाटन सत्र में दिल्ली से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के चर्चित पत्रकार पुण्य प्रसून वाजपेयी का लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से संवाद अत्यंत विचारोत्तेजक रहा। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रश्नों के बेबाकी से जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीतिक सत्ता ही सब कुछ नियंत्रित करना चाहती है। राजनीतिक दलों के घोषणापत्रों में संविधान से कॉपी-पेस्ट किया हुआ माल होता है। संवैधानिक संस्थाओं पर सत्ता का दबाव लोकतंत्र को कमजोर करता है। मीडिया उस राजनीतिक सत्ता से ही प्रभावित और सरकार केंद्रित हो जाता है। 

प्रो. देवराज ने ‘मीडिया, लोकतंत्र और हमारा समय’ विषय का प्रवर्तन करते हुए लोकतंत्र के बारे में लोहिया, अंबेडकर और नरेंद्रदेव के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने तीनों विद्वानों के बारे में बताया कि वे ऐसा लोकतंत्र चाहते थे, जिसमें व्यक्ति महज मत न होकर मूल्य होना चाहिए, सौंदर्य की कसौटी गौर नहीं श्याम वर्ण को होना चाहिए तथा विचार की आवश्यकता और उसकी स्वतंत्रता के अनुकूल वातावरण होना चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि लोकतंत्र में लोक की भागीदारी कम हुई है तथा पिछले सात दशक में सबसे अधिक उपेक्षा शिक्षा और संस्कृति की हुई उन्होंने कहा कि जब मीडिया ने अपनी रखवाली करने की कोशिश की तब उसे सकारात्मक बने रहने के नाम पर उद्देश्य से भटका दिया गया है। सकारात्मक मीडिया के नाम पर मीडिया भटकाव की राह पर है। सकारात्मक या नकारात्मक कुछ नहीं होता जो आप देते हैं वही जरूरत है। आज सकारात्मक वह है जो सत्ता को सुख पहुँचाए। मीडिया को इससे बचकर देश के ज़मीनी यथार्थ से जुड़ना होगा अन्यथा आने वाला समय उसे माफ़ नहीं करेगा। 

डॉ. योगेंद्र नाथ शर्मा ‘अरुण’ ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हम संविधान के नाम पर जातियों को बांट रहे हैं। हम माइंड गिनने के बजाय सिर गिनने की नीतियों का पालन कर रहे हैं। कथित सोशल मीडिया सर्वेंट की जगह मास्टर बन गया है। उन्होंने मीडिया को पुनः मिशन बनाने का आह्वान करते हुए शाश्वत मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा दी। 

‘मीडिया से उम्मीदें’ पर केंद्रित विचार सत्र में विविध प्रांतों से आए मीडियाकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए। ‘आज तक’ के पत्रकार रामकिंकर ने कहा कि मीडिया की निष्पक्षता को लेकर कितनी भी आलोचना क्यों न करें लेकिन जब लोग संकट मे होते हैं तो वे अपनी आवाज उठाने के लिए मीडिया के पास ही आते है। ‘मीडिया मिरर’ के संपादक प्रशांत राजावत ने कहा कि मीडिया में जो सच्चाई परोसना चाहता है उनकी आवाज मीडिया के लोग ही निजी स्वार्थ की चाहत में दबा देते हैं। जुझारू पत्रकार अखिलेश अखिल ने बिहार में सत्ताधीशों द्वारा पत्रकारों की आवाज दबाने के लिए अपनाए जाने वाले हथकंडों की जानकारी दी और अपने उत्पीड़न की दास्तां सुनाई। 

वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर गुप्त ने मीडिया को कमजोर करने के लिए सरकार द्वारा बनाए जा रहे मनमाने कानूनों पर सवाल उठाए। पत्रकार अतुल मोहन सिंह ने कहा कि पत्रकार को खबरों के साथ न्याय करना चाहिए। अनामी शरण बबल ने कहा कि हम अंतहीन महाभारतकाल में जी रहे हैं और समाज नपुंसकता की ओर जा रहा है। ‘भड़ास 4 मीडिया’ के संचालक एवं सोशल मीडिया विशेषज्ञ यशवंत सिंह ने कहा कि आधुनिक समाज में समस्त परिवर्तन टेक्नालाजी से आए हैं, विचार से नहीं। अतः टेक्नालाजी से ही क्रांति भी लाई जा सकती है और लोकतंत्र को बचाया जा सकता है। 

दूसरे दिन ‘लोकतंत्र, साहित्य व हमारा समय’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के पूर्व आचार्य डॉ. ऋषभदेव शर्मा ने कहा कि भारत में लोकतंत्र अभी प्रयोग की दशा में है तथा उसे असफल घोषित करना जल्दबाजी माना जाएगा। हर चुनाव में भारतीय जनता निरंतर परिपक्वता के प्रमाण देती है और संसदीय लोकतंत्र के निजी प्रादर्श की उसकी तलाश अभी जारी है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा समय निस्संदेह खतरनाक समय है जिसमें सारी दुनिया आतंक, युद्ध और तानाशाही की ओर बही जा रही है लेकिन सृष्टि का इतिहास गवाह है कि खतरों के बीच ही मनुष्यता ने सदा नई राहें खोजी हैं। वर्तमान में मीडिया और साहित्य को इस चुनौती का सामना करना है और लोकतंत्र के विकेंद्रीकरण द्वारा जनपक्ष को मजबूती प्रदान करने की जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने विरुद्धों के सामंजस्य के भारतीय दर्शन को व्यावहारिक रूप देने का आह्वान करते हुए समकालीन साहित्य के जुझारू तेवर की प्रशंसा की। 

इस सत्र के मुख्य वक्ता मदनमोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान, काशी विद्यापीठ के निदेशक प्रो. ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि समाज के कल्याण के लिए लिखा गया साहित्य ही श्रेष्ठ होता है। उन्होंने कहा कि आजादी से राजसत्ता तो मिली मगर विचारसत्ता को भुला दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक आचरण गिर रहा है। उस पर संवाद आखिर कब होगा? नागरिक ही पत्रकार, साहित्यकार व मतदाता होता है। उसका आचरण खराब होगा तो लोकतंत्र कैसे आएगा? 

वरिष्ठ व्यंग्यकार गिरीश पंकज ने अध्यक्षासन से संबोधित करते हुए कहा कि साहसी साहित्यकार और पत्रकार कभी समझौता नहीं करता । उन्होंने कहा कि सही कलम वही होती है जो किसी भी परिस्थिति में न रुके, न झुके और न ही बिके। 

इस द्विदिवसीय राष्ट्रीय उत्सव के अंतर्गत इसकी संयोजक संस्था ‘शार्प रिपोर्टर’ द्वारा पत्रकारिता व साहित्य जगत से दस कलमकारों को आजमगढ़ अंचल की विश्वप्रसिद्ध महान विभूतियों की स्मृति में सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्वानों में डॉ. योगेन्द्रनाथ शर्मा अरुण को ‘महापंडित राहुल सांकृत्यायन स्मृति साहित्य सम्मान-2018’, गिरीश पंकज को ‘मुखराम सिंह स्मृति पत्रकारिता सम्मान-2018’, जयशंकर गुप्त को ‘गुंजेश्वरी प्रसाद स्मृति पत्रकारिता सम्मान-2018’, प्रो. ऋषभदेव शर्मा को ‘विवेकी राय स्मृति साहित्य सम्मान-2018’, पुण्यप्रसून
ऋषभदेव शर्मा को 'विवेकी राय साहित्य सम्मान-2018' प्रदान करते हुए
दीनपाल राय, देवराज, अरविंद कुमा सिंह एवं अन्य 
वाजपेयी को ‘सुरेंद्र प्रताप सिंह स्मृति टीवी पत्रकारिता सम्मान-2018’, यशवंत सिंह को ‘विजयशंकर वाजपेयी स्मृति पत्रकारिता सम्मान-2018’, विजयनारायण को ‘शार्प रिपोर्टर लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड-2018’, सतीश सिंह रघुवंशी को ‘शार्प रिपोर्टर युवा पत्रकारिता सम्मान-2018’ तथा डॉ. मधुर नज्मी को ‘अल्लामा शिब्ली नोमानी स्मृति अदबी अवार्ड-2018’ दिया गया। सम्मान समारोह की अध्यक्षता वर्धा से पधारे प्रो. देवराज ने की। 

पहले दिन भोजपुरी गायिका चंदन तिवारी की लोक आधारित गीत संध्या विशेष रसपूर्ण रही तो दूसरे दिन के अर्धरात्रि के बाद तक चले कवि सम्मेलन व मुशायरे ने आयोजन को नई ऊँचाई दीजिसमें महेन्द्र अश्क, हैदर किरतपुरी, डॉ. मधुर नज्मी, ईश्वरचन्द त्रिपाठी, रूचि दुबे, गीता त्रिपाठी, शीला पांडे, अनामिका श्रीवास्तव, पुरुषार्थ सिंह, मैकश आजमी, प्रेम ग़म आजमी, शिवकुमार सैनी डंक, नागेश शांडिल्य, बालेदीन बेसहारा, राजाराम सिंह, भालचन्द त्रिपाठी, आनंद श्रीवास्तव आदि ने काव्यपाठ किया। 

कार्यक्रम का सफल संचालन अमन त्यागी ने किया तो शार्प रिपोर्टर पत्रिका के संपादक अरविंद सिंह व संस्थापक वीरेंद्र सिंह ने अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया। 

इस अवसर पर तीन प्रस्ताव भी पारित किए गए जिनमें आजमगढ़ में महापंडित राहुल सांकृत्यायन के नाम पर केंद्रीय विश्वविद्यालय की मांग, पत्रकारों की राष्ट्रव्यापी सुरक्षा के लिए केंद्र व राज्यों की सरकारों द्वारा तुरंत प्रभावी कानून बनाए जाने की मांग और अपना दायित्व निभाते हुए पत्रकार की हत्या पर या मौत पर उसके परिवार को शहीद सैनिकों के परिवार जैसी सुविधा दी जाने की मांग की गई। 

[डॉ. चंदन कुमारी : आजमगढ़ से लौट कर] 
द्वारा : श्री संजीव कुमार IDAS, एकाउंट्स ऑफिस, 
स्माल आर्म्स फैक्टरी, 
अरमापुर, कानपुर-208009, उत्तर प्रदेश 








बुधवार, 28 मार्च 2018

एमएमटीसी में राजभाषा कार्यशाला संपन्न




हैदराबाद, 27 मार्च, 2018.भारत के दो सबसे बड़े विदेशी मुद्रा कमाने वाले संस्थानों में से  एक  खनिज तथा धातु व्यापार निगम लिमिटेड या एमएमटीसी लिमिटेड भारत का सबसे बड़ा सार्वजनिक व्यापारिक प्रतिष्ठान है. इसके हैदराबाद स्थित कार्यालय में त्रैमासिक राजभाषा कार्यशालाओं के सिलसिले में आज "भारत की राजभाषा नीति" और "कार्यालयीन शब्दावली और पत्राचार" पर डॉ. ऋषभदेव शर्मा ने दो प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) दिए और प्रतिभागी अधिकारियों को राजभाषा-व्यवहार का प्रशिक्षण दिया. एमएमटीसी के महाप्रबंधक टी. श्रीनिवास राव ने कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए कहा कि राजभाषा हिंदी को अपने कामकाज में अपनाना हमारी संवैधानिक दायित्व और राष्ट्रीय कर्तव्य है. सुरेश ताईशेट्टे और अजय मिश्र ने समन्वयक की ज़िम्मेदारी बखूबी निभाई.