बुधवार, 3 जुलाई 2013

आशीष नैथानी की ‘तिश्नगी’ का लोकार्पण 7 को

साहित्य मंथन
13-2/1/ए - गुप्ता गार्डन, हैदराबाद - 500 013, 

मोबाइल - 09293228461
“अंधेरी रात में/
रोशन सुबह का ख़्वाब अच्छा है./ बच्चे के चहरे पे हँसी है/
शहर में,/ 
कुछ तो जनाब अच्छा है.” 

यह कविता युवा कवि आशीष नैथानी ‘सलिल’ के सद्यःप्रकाशित कविता संग्रह ‘तिश्नगी’ में शामिल है. उत्तराखंड के पौड़ी गडवाल में जन्मे आशीष नैथानी इन दिनों हैदराबाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और एक सक्रिय ब्लॉगर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं.

‘साहित्य मंथन’ के तत्वावधान में आगामी 7 जुलाई, 2013, रविवार को सायं 4 बजे दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के खैरताबाद स्थित परिसर में आशीष नैथानी ‘सलिल’ के प्रथम कविता संग्रह ‘तिश्नगी’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जा रहा है.

लोकार्पण प्रतिष्ठित कवि एवं समीक्षक प्रो ऋषभदेव शर्मा द्वारा किया जाएगा तथा प्रो एम.वेंकटेश्वर एवं डॉ अहिल्या मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे. ‘भास्वर भारत’ के संपादक डॉ राधेश्याम शुक्ल लोकार्पण समारोह के अध्यक्ष होंगे. युवा समीक्षक डॉ बी.बालाजी विमोच्य कृति का परिचय देंगे. 

आज आयोजित ‘साहित्य मंथन’ की बैठक में लोकार्पण समारोह समिति का गठन किया गया. जिसके सदस्यों में डॉ जी.नीरजा, ज्योति नारायण, राधाकृष्ण मिरियाला और जी.संगीता के नाम सम्मिलित हैं. 

समारोह संयोजक डॉ जी.नीरजा ने सभी साहित्य प्रेमियों से ‘तिश्नगी’ के लोकार्पण समारोह में उपस्थित होने का अनुरोध किया है.







शुक्रवार, 21 जून 2013

बीडीएल, भानूर इकाई में हिंदी कार्यशाला संपन्न

बीडीएल, भानूर में संपन्न हिंदी कार्यशाला के दूसरे दिन (21 जून) को प्रतिभागी अधिकारियों के साथ अतिथि व्याख्याता डॉ. ऋषभ देव शर्मा 

मेदक जिले [आंध्र प्रदेश] में स्थित भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल), भानूर इकाई में दि.20-21 जून 2013 को राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भानूर इकाई के तत्वावधान में दोदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में इकाई के अधिकारियों को राजभाषा नीति, हिंदी व्याकरण, कार्यालयी पत्रचार, टिप्पण एवं प्रारूपण तथा अनुवाद आदि विषयों का ज्ञान कराया गया।

हिंदी कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए अपर महाप्रबंधक (उ.) जय  प्रकाश पूर्वे ने कार्यशाला में प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यशाला दैनिक काम-काज में हिंदी के प्रयोग में आनेवाली कठिनाइयों को हल करके प्रयोग के सरल तरीकों पर चर्चा करने और झिझक को दूर करने के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रसार के लिए आवश्यक है कि हम सब हिंदी सीखने के बाद अपने दैनिक काम काज में इसका इस्तेमाल करना आरंभ करें और अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित करें। 

दिनांक 20 जून, 2013 को प्रथम सत्र में  बृहस्पति शर्मा ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बड़े ही रोचक और सरल ढंग से कार्यालय  में प्रयोग किए जाने वाले सामान्य टिप्पणियाँ और प्रारूप हिंदी में लिखने का अभ्यास कराया। द्वितीय सत्र में इकाई के अवर प्रबंधक (राजभाषा) डॉ बी बालाजी ने राजभाषा कार्यान्वयन में अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को  रेखांकित करते हुए राजभाषा हिंदी का सामान्य परिचय दिया और कार्यालय में प्रयोग किए जाने वाले कार्यालयी पत्र लिखवाए और उनका अभ्यास करवाया।

दिनांक 21 जून, 2013 को दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, हैदराबाद के प्रो. ऋषभ देव शर्मा ने प्रथम सत्र में कार्यालयीन व्याकरण सिखाया और उसका प्रतिभागियों से अभ्यास कराया। द्वितीय सत्र में संस्कृत, हिंदी, तेलुगु, उर्दू, अंग्रेजी का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए पारिभाषिक शब्दावली निर्माण की प्रक्रिया और इसके प्रयोग की जानकारी दी। 

कार्यक्रम की सफलता में कार्मिक एवं प्रशासन विभाग के सभी कर्मचारियों का सक्रिय योगदान रहा। डॉ बी बालाजी ने कार्यक्रम का संचालन किया।

प्रस्तुति : बी बालाजी
अवर प्रबंधक (राजभाषा), भारत डायनामिक्स लिमिटेड , भानूर 

बुधवार, 29 मई 2013

24 एमफिल शोधकार्य प्रस्तुत : दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा


22 मई 2013 को उच्च शिक्षा और शोध संस्थान (दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा) के हैदराबाद परिसर में वर्तमान सत्र के 24 एमफिल शोधार्थियों ने हिंदी भाषा और साहित्य के विविध  पक्षों से संबंधित अद्यतन विषयों पर अपने लघुशोधप्रबंध प्रस्तुत किए.इस अवसर पर विशेषज्ञ विदुषी के रूप में पधारीं डॉ. शुभदा वांजपे [बीच में] के सान्निध्य में कतिपय शोधार्थियों का समूह चित्र. 
साथ में विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषभ देव शर्मा, प्राध्यापक डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा, आंध्र-सभा के सचिव सी.एस.होसगौडर और व्यवस्थापक वी.ज्योत्स्ना कुमारी.

यहाँ भी देखें 
http://mediakhabar.com/research-paper/

मंगलवार, 28 मई 2013

नए साहित्य विमर्शों पर शोधकार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण है – प्रो.शुभदा वांजपे



उच्च शिक्षा और शोध संस्थान में 24 नए लघुशोधकार्य संपन्न



हैदराबाद, 22 मई, 2013 (विज्ञप्ति).


उच्च शिक्षा और शोध संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के स्थानीय परिसर में वर्तमान सत्र के संपन्न होने के साथ यहाँ आज 24 नए लघुशोधप्रबंध प्रस्तुत किए गए. संस्थान के अध्यक्ष डॉ.ऋषभ देव शर्मा ने जानकारी दी कि इन शोधकार्यों में नए विमर्शों के आधार पर मौलिक अनुसंधान को प्रमुखता दी गई है. 

उन्होंने बताया कि 3 शोधार्थियों ने दलित विमर्श पर शोध कार्य संपन्न किया है. इनमें टी.सुभाषिणी का ‘दलित कहानियों में चित्रित सामाजिक यथार्थ’, वै. मिरियम का ‘माताप्रसाद की आत्मकथा में दलित विमर्श’ और संतोष विजय मुनेश्वर का ‘के.एस.तूफ़ान का दलित विमर्श : ‘टूटते संवाद’ का संदर्भ’ सम्मिलित हैं. 

इसी प्रकार 3 शोध छात्रों ने स्त्री विमर्श पर केंद्रित शोधप्रबंध प्रस्तुत किए हैं. माधुरी तिवारी ने जहाँ विष्णु प्रभाकर के महाकाय उपन्यास ‘अर्द्धनारीश्वर’ को तथा देवेंद्र ने कमल कुमार के उपन्यास ‘हैमबरगर’ को आधार बनाकर इन रचानाकारों की स्त्री-दृष्टि की पड़ताल की है वहीं बी.राखी ने मनोज सिंह के सद्यःप्रकाशित उपन्यास ‘कशमकश’ को स्त्रीविमर्श  की दृष्टि से खंगाला  है. 

सुनील कुमार और एच.नरेंदर ने क्रमशः डॉ.हीरालाल बाछोतिया के खंड काव्य ‘विद्रोहिणी शबरी’ तथा संताल संघर्ष पर केंद्रित मधुकर सिंह के उपन्यास ‘बाजत अनहद ढोल’ में आदिवासी विमर्श की खोज की है.

इसी प्रकार चित्रा मुद्गल के प्रसिद्ध उपन्यास ‘गिलिगडु’ के पाठ का गहन विश्लेषण गहनीनाथ ने वृद्धावस्था विमर्श की कसौटी पर किया है. 

नागेश दूबे ने कुसुम खेमानी की कथा भाषा का विश्लेषण भाषा मिश्रण और भाषा परिवर्तन की दृष्टि से करते हुए यह दर्शाया है कि विभिन्न भाषाओं और बोलियों की शब्दावली और उक्तियों को आत्मसात करके हिंदी निरंतर विकास के नए आयाम छू रही है.

विभागाध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष के शोध कार्यों में अध्येय विधा की दृष्टि से भी पर्याप्त विविधता है. उन्होंने कहा कि वर्षा कुमारी ने जहाँ पुरुषोत्तम अग्रवाल की आलोचना कृति ‘अकथ कहानी प्रेम की’ को शोध का आधार बनाया है वहीं राजकिरण ने भीष्म साहनी के साक्षात्कारों और एल.विजयलक्ष्मी ने ममता कालिया के ताजा संस्मरणों पर अपना-अपना लघुशोधप्रबंध तैयार किया है.

समाजशास्त्र, समकालीनता और यथार्थवाद की दृष्टि से इस वर्ष कविता, कहानी और उपन्यास साहित्य के अध्ययन को समर्पित 11 लघुशोधप्रबंध प्रस्तुत किए गए. दीपशिखा पाठक ने महेंद्र भटनागर के काव्य का यथार्थ की दृष्टि से विश्लेषण किया तो सुमैया बेगम ने राजकुमार गौतम की कहानियों में जीवन मूल्य तलाशे हैं. शीतल कुमारी, रोहिणी जाब्रस, रीमा कुमारी और संजय कुमार ने क्रमशः रमेशचंद्र शाह, विवेकानंद, नीलाक्षी सिंह और रोहिताश्व के कथासंग्रहों को अपने शोध का उपजीव्य बनाया.

समकालीन उपन्यास साहित्य में गुँथी हुई सामाजिकता और उत्तरआधुनिकता का विश्लेषण 5 शोधकार्यों में किया गया जिनमें मुहाफिज़ (विजय) पर नीलोफर, बारहमासी (ज्ञान चतुर्वेदी) पर प्रीति कुमारी, दूसरा घर (रामदरश मिश्र) पर मनोज कुमार मिश्र, नमामि ग्रामम् (विवेकी राय) पर इंद्रजीत सिंह और डर हमारी जेबों में (प्रमोद कुमार तिवारी) पर विनोद चौरसिया के लघुशोधप्रबंध शामिल हैं.

इन शोध कार्यों की प्रस्तुति के अवसर पर आयोजित मौखिकी में विशेषज्ञ के रूप में पधारीं प्रो.शुभदा वांजपे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नए रचनाकारों और नए विमर्शों पर एम.फिल. के स्तर पर शोध करना और कराना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है. इस चुनौती को स्वीकार करने तथा स्तरीय शोधकार्य संपन्न कराने के लिए उन्होंने इन शोधकार्यों के निर्देशकगण डॉ.गोरखनाथ तिवारी, डॉ.बलविंदर कौर, डॉ.जी.नीरजा, डॉ.मृत्युंजय सिंह, डॉ.साहिराबानू बी. बोरगल तथा विभाग के आचार्य एवं अध्यक्ष डॉ.ऋषभ देव शर्मा को बधाई दी. 



22 मई 2013 को उच्च शिक्षा और शोध संस्थान (दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा) के हैदराबाद परिसर में वर्तमान सत्र के 24 एमफिल शोधार्थियों ने हिंदी भाषा और साहित्य के विविध पक्षों से संबंधित अद्यतन विषयों पर अपने लघुशोधप्रबंध प्रस्तुत किए. इस अवसर पर विशेषज्ञ विदुषी के रूप में पधारीं डॉ. शुभदा वांजपे [बीच में] के सान्निध्य में कतिपय शोधार्थियों का समूह चित्र. साथ में विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषभ देव शर्मा, प्राध्यापक डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा, आंध्र-सभा के सचिव सी.एस.होसगौडर और व्यवस्थापक वी.ज्योत्स्ना कुमारी.

मंगलवार, 21 मई 2013

आधुनिकता और उत्तरआधुनिकता : (व्याख्यान : ऋषभ देव शर्मा )






16/17 मई 2013 को कर्नाटक विश्वविद्यालय [धारवाड] के हिंदी विभाग में विशेष व्याख्यानमाला के
अंतर्गत 'संरचनावाद', 'उत्तर संरचनावाद', 'आधुनिकता' और 'उत्तर आधुनिकता' पर
डॉ. ऋषभ देव शर्मा (प्रोफ़ेसर और अध्यक्ष, उच्च शिक्षा और शोध संस्थान,
दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, हैदराबाद) के 4 व्याख्यान हुए.

प्रस्तुत है उनमें से चौथा व्याख्यान -
"आधुनिकता और उत्तर आधुनिकता".